कृष‍ि मंत्रालय ने किया खुलासा: आपके ज्यादातर भोजन में मिला हुआ है जहर

हमलोग रोज जो भी भोजन करते हैं उसमे अपनी समझ से विभिन्न विटामिन-प्रोटीन इत्यादि मौजूद रहने की कल्पना करते हैं. लेकिन केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की एक रिपोर्ट की मानें तो उन फलों और सब्जियों पर खतरनाक केमिकल लगे होने की आशंका बहुत ज्यादा है.इस रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि देशभर में फल, सब्ज‍ियों और ऑर्गेनिक फूड्स के सैंपल में खतरनाक कीटनाशक पाए गए हैं. रिटेल शॉप से खरीदे जाने वाले ऑर्गेनिक फूड में भी उन कीटनाशकों का इस्तेमाल किया गया है, जो पूरी तरह से प्रतिबंध‍ित हैं. ताजा फलों और सब्ज‍ियों में भी बेहद हानिकारक कीटनाशक इस्तेमाल किए जाते हैं. यहाँ तक कि फल-सब्ज‍ियों के साथ-साथ मसालों, लाल मिर्च पाउडर, करी पत्ता, चावल, गेहूं, दाल, चाय, दूध जैसी चीजों में भी खतरनाक कीटनाशक पाए गए हैं.विभाग के अधिकारियों ने कुल 20,618 नमूनों की 25 लेबोरेटरी में जांच की जिसमें देश के कई भागों के रिटेल आउटलेट्स, ऑर्गेनिक आउटलेट्स, फार्म आदि से जमा किए गए सैंपलों में ऑरेनो-क्लोरीन, ऑरेना-फॉस्फोरस, सिंथेटिक पाइरेथरॉइड्स, कार्बामेट्स और हर्बीसिड्स जैसे घातक कीटनाशक पाए गए हैं. इनमें 18.7 प्रतिशत सम्पलों में खतरनाक कीटनाशक पाए गए जबकि 12.5 प्रतिशत में तो वैसे कीटनाशकों का इस्तेमाल किया गया जिनका उपयोग स्वीकृत नहीं है.रिपोर्ट सामने आने के बाद अब कृष‍ि मंत्रालय देशभर के किसानों को जागरूक करने लिए कार्यक्रम शुरू कर रहा है. इसमें किसानों को विभिन्न फसलों के लिए स्वीकृत कीटनाशक और उनके स्वीकृत स्तर के बारे में बताया जाएगा.

टिप्पणियाँ